स्वदेश प्रेम, रमजान अली। गोण्डा
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नवागत पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री अशोक कुमार, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा ने रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान डीआईजी श्री अशोक कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के सुव्यवस्थित प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित एवं समयबद्ध वितरण तथा निगरानी तंत्र की प्रभावशीलता का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होती पाई गई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों का विश्वास कायम रहे और भर्ती प्रक्रिया की गरिमा बनी रहे।
प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं, जिससे परीक्षार्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री अशोक कुमार ने जनपद के प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा रेलवे स्टेशन गोण्डा का भी भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं यात्रियों की सघन जांच और पूछताछ कराई गई। उन्होंने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन परिसर में डीआईजी ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीआईजी श्री अशोक कुमार का यह निरीक्षण भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता और जनसुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है।
