यूपी

आरक्षी भर्ती परीक्षा में नकल माफियाओं पर कड़ी नजर, डीआईजी अशोक कुमार ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

शेयर करें:
Screenshot
Spread the love

पारदर्शी एवं नकलविहीन परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

स्वदेश प्रेम,रमजान अली|बलरामपुर

जनपद बलरामपुर में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नवागत पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा ने रविवार को द्वितीय पाली में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा पूरी सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
डीआईजी अशोक कुमार ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि, साल्वर गैंग अथवा नकल माफियाओं की गतिविधियों पर सतत एवं कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होती दिखाई दी।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें