यूपी ब्रेकिंग

मोहर्रम और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अलर्ट मोड में गोण्डा पुलिस, एसपी ने अधिकारियों संग की हाईलेवल समीक्षा बैठक

शेयर करें:

मोहर्रम और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अलर्ट मोड में गोण्डा पुलिस, एसपी ने अधिकारियों संग की हाईलेवल समीक्षा बैठक

 

स्वदेश प्रेम, रमजान अली | गोण्डा

आगामी मोहर्रम पर्व एवं माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जनपद आगमन को लेकर गोण्डा पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक गोण्डा ने रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में दंगा निरोधक उपकरणों से लैस अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सर्राफा बाजारों, प्रमुख चौराहों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच कर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने पर जोर दिया। साथ ही त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम हेतु पोस्टर पार्टी को नियमित रूप से ब्रीफ कर क्षेत्र में सतत भ्रमणशील रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ, आपत्तिजनक, समाज विरोधी अथवा धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली सामग्री प्रसारित करता है तो तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करते हुए उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सुरक्षा समिति की बैठकों को नियमित रूप से आयोजित कर जनसहभागिता और आपसी समन्वय के माध्यम से शांति व्यवस्था मजबूत बनाए रखने पर भी बल दिया।
बैठक के दौरान माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कार्यक्रम स्थल, वीआईपी रूट, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, सुरक्षा घेराबंदी एवं ड्यूटी प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें