यूपी ब्रेकिंग

आईजीआरएस में देवीपाटन मंडल बना प्रदेश का सिरमौर, शिकायत निस्तारण में हासिल किया पहला स्थान

शेयर करें:

जून 2026 की रैंकिंग में 93.64% अंक के साथ प्रदेश में अव्वल, लगातार दूसरे माह उत्कृष्ट प्रदर्शन; मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की सख्त मॉनिटरिंग और पारदर्शी कार्यशैली का दिखा असर

स्वदेश प्रेम, रमजान अली।

गोंडा, 1 जुलाई 2026।
एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर शिकायतों के प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दम पर देवीपाटन मंडल ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर नई उपलब्धि दर्ज की है। जून 2026 की जारी रैंकिंग में मंडल ने 110 में से 103 अंक (93.64 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इससे पूर्व मई 2026 में भी मंडल 96 अंक (87.39 प्रतिशत) के साथ प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा था। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि मंडल में शिकायतों के समयबद्ध और वास्तविक निस्तारण की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जा रही है।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर जनपदों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जाती है। हर माह विस्तृत समीक्षा बैठकों के माध्यम से निस्तारण की गुणवत्ता पर नजर रखी जाती है। इतना ही नहीं, शिकायतों के वास्तविक समाधान की पुष्टि के लिए वह स्वयं रैंडम आधार पर शिकायतकर्ताओं से फोन पर बातचीत कर फीडबैक प्राप्त करती हैं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न होकर आमजन को वास्तविक राहत मिले।
उन्होंने बताया कि महिलाओं एवं बेटियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंडल में ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ जैसी अभिनव पहल भी संचालित की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत महिला शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है, जिसका सकारात्मक प्रभाव आईजीआरएस की रैंकिंग में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है।
इसके अतिरिक्त मंडल स्तर पर प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आमजन की समस्याओं की सुनवाई कर उनके तत्काल समाधान की व्यवस्था लागू है। नियमित जनसुनवाई, सतत मॉनिटरिंग, जवाबदेही, पारदर्शिता और जनकेंद्रित कार्यप्रणाली के बल पर देवीपाटन मंडल ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर शिकायत निस्तारण के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। यह उपलब्धि सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और प्रभावी जनसेवा का सशक्त उदाहरण मानी जा रही है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें