देश

पत्रकार हितों की 7 सूत्रीय मांगों को लेकर नेशनल मीडिया प्रेस क्लब का राष्ट्रव्यापी अभियान, चित्रकूट में प्रधानमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन

शेयर करें:

स्वदेश प्रेम | शान मोहम्मद सिद्दीकी

चित्रकूट ,पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नेशनल मीडिया प्रेस क्लब द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत शनिवार को जनपद चित्रकूट में जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

यह अभियान नेशनल मीडिया प्रेस क्लब के चेयरमैन एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एम.डी. शर्मा के निर्देशन में देशभर में संचालित किया जा रहा है। चित्रकूट में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष अन्नू मिश्रा ने की। संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

ज्ञापन में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा एवं विशेष स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजना लागू करने, जीवन एवं दुर्घटना बीमा की व्यवस्था, पत्रकारों पर दर्ज फर्जी मुकदमों एवं उत्पीड़न पर प्रभावी रोक लगाने, राष्ट्रीय मीडिया आयोग का गठन करने तथा सरकारी विज्ञापनों का समान एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने सहित सात प्रमुख मांगें शामिल की गईं।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अन्नू मिश्रा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और समाज तथा शासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक संरक्षण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सशक्त पत्रकारिता से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान 1 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक देश के सभी राज्यों एवं जनपदों में चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने संगठन के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पत्रकार हितों से संबंधित यह ज्ञापन नियमानुसार भारत सरकार को अग्रेषित किया जाएगा।

कार्यक्रम में संगठन के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिला महासचिव अंशुमान पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष बालकृष्ण विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष राजकुमार उपाध्याय, जिला मंत्री हर्ष सिंह, प्रचार मंत्री जितेंद्र तिवारी (गोलू) सहित संतोष त्रिपाठी, रविशंकर त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार अशोक नामदेव, अनिल सिंह, शिवसम्पत करवरिया, प्रशांत करवरिया तथा जिले के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें