स्वदेश प्रेम | शान मोहम्मद सिद्दीकी
नई दिल्ली | 6 जुलाई 2026
द्वारका जिले के थाना सेक्टर-23 पुलिस ने लगातार कारों की बैटरी चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर एवं सीरियल चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक चोरी की गई कार बैटरी बरामद की गई है, जबकि वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी से थाना सेक्टर-23 क्षेत्र में दर्ज बैटरी चोरी के कुल सात मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को थाना सेक्टर-23 में सड़क किनारे मॉडर्न पब्लिक स्कूल के पास खड़ी कार से बैटरी चोरी होने की ई-एफआईआर संख्या 80052468, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन तथा एसीपी द्वारका सब-डिवीजन के समग्र पर्यवेक्षण में एएसआई मनोज और हेड कांस्टेबल कृष्ण की टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्तर पर पूछताछ और गुप्त सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम देता हुआ दिखाई दिया। मोटरसाइकिल के आधार पर पुलिस विकास नगर, उत्तम नगर पहुंची, जहां पता चला कि आरोपी वहां से अन्य स्थान पर जा चुका है। लगातार प्रयासों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी चंदन कुमार (29 वर्ष) निवासी उत्तम नगर, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बैटरी चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर जंगल क्षेत्र से चोरी की गई बैटरी बरामद की गई, जबकि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से थाना रणहोला में दर्ज 9 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वहीं, पूछताछ के दौरान उसने थाना सेक्टर-23, द्वारका में दर्ज बैटरी चोरी के 7 मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिनका सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया है।
द्वारका जिला पुलिस का कहना है कि आरोपी मुख्य रूप से स्कूलों, पार्कों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास बिना निगरानी के खड़े वाहनों को निशाना बनाकर उनकी बैटरियां चोरी करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वह अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं।
बरामदगी:
- एक चोरी की गई कार बैटरी।
- वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
