नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं पर लगाएं अंकुश, खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी रखें सुरक्षित : एएसपी पूर्वी
स्वदेश प्रेम, रमजान अली
गोण्डा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारम्भ किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक ने अम्बेडकर चौराहे से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुरुनानक चौक पर संपन्न हुई। रैली में यातायात पुलिसकर्मियों के साथ होमगार्ड, पीआरडी जवान, स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में जागरूकता संदेश लिखे बैनर और नारों के माध्यम से प्रतिभागियों ने लोगों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य इस्तेमाल तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। रैली के समापन पर एएसपी पूर्वी ने उपस्थित लोगों और वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है। थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। उन्होंने बताया कि यातायात माह के अंतर्गत पूरे नवंबर में जनपदभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्कूल-कॉलेजों में गोष्ठियां, सेमिनार, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिताएं और जनसंपर्क अभियान शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान वाहन चालकों से अपील की गई कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन और इयरफोन का प्रयोग न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर चालक सहित पीछे बैठी सवारी भी हेलमेट पहनें तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें। नाबालिगों को वाहन न चलाने देने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने, इंडिकेटर का इस्तेमाल करने और एंबुलेंस व अग्निशमन वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता देने की भी अपील की गई। एएसपी पूर्वी ने कहा कि यातायात माह का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन में यातायात अनुशासन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इसके साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन, सड़क पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी यातायात सहित यातायात पुलिसकर्मी, होमगार्ड, पीआरडी जवान, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।