ZFD अभियान के तहत गोंडा नगर में ब्लैक स्पॉट्स का स्थलीय निरीक्षण
1 min read
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को पुलिस–प्रशासन सख्त, सुरक्षा सुधार के निर्देश
ZFD अभियान के तहत गोंडा नगर में ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण, सड़क सुरक्षा सुदृढ़ करने के निर्देश
रमजान अली / गोण्डा
गोण्डा। शासन द्वारा संचालित ZFD (Zero Fatality District) अभियान के अंतर्गत पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल ने नगर क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चौपाल सागर, कुटी तिराहा, हारीपुर गांव, चौपाल सागर के समीप स्थित पेट्रोल पंप तथा महिंद्रा शोरूम के पास स्थित दुर्घटना संभावित स्थलों का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, यातायात दबाव, सड़क की भौगोलिक स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, अतिक्रमण एवं अन्य सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की।
पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ZFD अभियान के तहत चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर त्वरित एवं प्रभावी सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके तहत पर्याप्त साइन बोर्ड व रिफ्लेक्टिव मार्किंग, स्पीड कंट्रोल उपाय, सड़क प्रकाश व्यवस्था में सुधार तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि ZFD अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को शून्य पर लाना है। इसके लिए पुलिस, परिवहन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से ठोस और निरंतर कार्यवाही की जाएगी, ताकि जनपद गोण्डा में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय, एआरटीओ आर.सी. भारती एवं प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे
