यूपी

नकल माफियाओं पर कड़ी निगरानी, डीआईजी अशोक कुमार ने बहराइच के परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

शेयर करें:
Spread the love

पारदर्शी एवं नकलविहीन भर्ती परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

स्वदेश प्रेम, रमजान अली | बहराइच

उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा, श्री अशोक कुमार ने बुधवार को जनपद बहराइच के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। डीआईजी ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा जांच व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की स्थिति तथा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी कार्मिक पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता अक्षुण्ण बनी रहे।
डीआईजी ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा तैनात पुलिस बल को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, साल्वर गैंग अथवा नकल माफियाओं की गतिविधियों पर सतत एवं पैनी निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त निगरानी में जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराई जा रही है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें