दिल्ली

तीन वर्षों से लंबित मजदूरी भुगतान को लेकर BRO मुख्यालय पर मजदूरों का प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

शेयर करें:
Screenshot
Spread the love

तीन साल से मजदूरी भुगतान नहीं, BRO मुख्यालय पर मजदूरों का प्रदर्शन

बकाया वेतन की मांग को लेकर भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर संघ का धरना, अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी

नई दिल्ली, 10 जून 2026। उत्तराखंड में चल रही ऋषिकेश-धरासू (NH-94) सड़क परियोजना में कार्यरत मजदूरों के बकाया भुगतान को लेकर भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर संघ के नेतृत्व में बुधवार को सीमा सड़क संगठन (BRO) मुख्यालय, नारायणा, नई दिल्ली के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शामिल मजदूरों ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले लगभग तीन वर्षों से उनकी मजदूरी का पूर्ण भुगतान नहीं मिला है।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, Dharmraj Contracts (I) Pvt. Ltd. के अधीन सिविल (लेबर सप्लाई) कार्य करने वाले दर्जनों मजदूरों का मेहनताना आज तक बकाया है। मजदूरों का कहना है कि लंबे समय से भुगतान न होने के कारण उनके परिवार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और कई मजदूर भुखमरी की स्थिति तक पहुंच गए हैं।

मजदूर संघ ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर कई बार BRO मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई तथा संबंधित अधिकारियों से मुलाकात, फोन और संदेशों के माध्यम से संपर्क किया गया। इसके बावजूद मजदूरों के भुगतान को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

धरना-प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने BRO प्रशासन और संबंधित विभागों से तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मजदूरों की मेहनत की कमाई लंबे समय से रोकी गई है, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मजदूरों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आगामी दिनों में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों और उनके बकाया भुगतान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने “मजदूर एकता जिंदाबाद” और “मजदूरों का शोषण बंद करो” जैसे नारे लगाकर अपनी मांगों को बुलंद किया।

रिपोर्ट – शान मोहम्मद सिद्दीकी

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें