दिनांक: 05 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
द्वारका साउथ थाना पुलिस ने गोल्ड चेन स्नैचिंग के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
यह घटना 7 अप्रैल 2026 की है, जब सेक्टर-9 द्वारका में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला की सोने की चेन बाइक सवार दो बदमाशों ने छीन ली थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ मुखबिरों की मदद से आरोपियों के बारे में अहम जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि वारदात का मास्टरमाइंड बिहार के सिवान में छिपा हुआ है।
पुलिस टीम तुरंत सिवान पहुंची, जहां आरोपी के घर के पास शादी समारोह होने के कारण उसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर 24 अप्रैल को आरोपी उमेश उर्फ कार्तिक को उसके गांव नारायणपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में उमेश ने अपने साथी रितिक प्रसाद के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। उसके खुलासे पर रितिक को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से छीनी गई सोने की चेन बरामद की गई।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी आसान पैसे के लालच में चोरी और स्नैचिंग करते थे। उमेश के खिलाफ 14 और रितिक के खिलाफ 4 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात के बाद तुरंत दिल्ली छोड़ दी थी और बिहार भाग गए थे ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
