दिल्ली

पिस्टल लेकर वारदात की फिराक में घूम रहा बदमाश गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 08 जुलाई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद

नई दिल्ली।
पूर्वी जिले के मंडावली थाना पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो इलाके में पिस्टल के बल पर लूट और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पूर्वी जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडावली थाना पुलिस की टीम को इलाके में लगातार गश्त और निगरानी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एसआई सलीम खान, कांस्टेबल दीपक, प्रदीप, रामकेश, जितेंद्र और सुरेश की टीम सीडब्ल्यूजी विलेज रोड के पास गश्त कर रही थी।

गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। पुलिस को देखकर युवक तेजी से वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी की पहचान पांडव नगर निवासी 19 वर्षीय दुर्गेश सिंह भंडारी उर्फ शिवम भंडारी के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ मंडावली थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह इलाके में पिस्टल के बल पर चोरी और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस की सक्रियता और सतर्कता के चलते उसका मंसूबा पूरा नहीं हो सका।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें