दिनांक: 08 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ और पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन “गैंग बस्ट” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गोगी गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अत्याधुनिक अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और चोरी की ड्यूक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 48 वर्षीय अमित मान निवासी गांव बुढपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी इलाके में संदिग्ध हालत में बिना नंबर प्लेट की ड्यूक बाइक पर घूम रहा था।
पूर्वी जिला पुलिस को तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के जरिए जानकारी मिली थी कि गोगी गैंग का एक बदमाश पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में रंगदारी से जुड़े संभावित टारगेट की रेकी करने आने वाला है। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अफकॉन रोड पर जाल बिछाया।
कुछ देर बाद पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की ड्यूक बाइक पर आ रहे संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपनी लोडेड पिस्टल निकालकर कॉक करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया और हथियार छीन लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अत्याधुनिक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी जिस ड्यूक बाइक का इस्तेमाल कर रहा था, वह चोरी की थी।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इलाके में भविष्य में होने वाली रंगदारी और अन्य आपराधिक वारदातों की रेकी करने आया था। आरोपी के खिलाफ पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अमित मान पहले भी लूट, चोरी, ठगी और रंगदारी समेत कई गंभीर मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस गोगी गैंग के अन्य सदस्यों और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
