रेलवे स्टेशन मार्ग के खंडहर में छिपा रखा था चोरी का जखीरा, फर्जी नंबर बनाकर बेचते थे वाहन
स्वदेश प्रेम, रमजान अली | गोंडा
जनपद गोंडा में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, नकदी, मोबाइल फोन तथा वाहनों के नंबर बदलने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आनंद कुमार राय के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस टीम ने यह उल्लेखनीय कार्रवाई की। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित शेखपुर के पास एक खंडहर में छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दुर्गेश मिश्रा, गुड्डू उर्फ हेटा तथा रूपेन्द्र सिंह उर्फ रौनक शामिल हैं। इनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, एक आई-टेल कंपनी का मोबाइल फोन, ₹2580 नकद, दो पेंट की डिब्बियां और एक ब्रश बरामद किया गया।
नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे चोरी की बाइक
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गोंडा और आसपास के जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट तोड़ देते थे या पेंट से फर्जी नंबर अंकित कर देते थे। इसके बाद मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचकर अवैध लाभ कमाते थे।
अभियुक्तों ने बताया कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित खंडहर में छिपाकर रखा जाता था। बरामद मोटरसाइकिलों में एक वाहन कोतवाली नगर में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से भी संबंधित पाया गया है।
पेंट और ब्रश बने अहम सबूत
पुलिस के अनुसार बरामद पेंट की डिब्बियां और ब्रश चोरी के वाहनों के वास्तविक नंबर मिटाकर फर्जी नंबर लिखने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे। यही नहीं, चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचकर प्राप्त धन से आरोपियों ने मोबाइल फोन भी खरीदा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
अपराधियों पर कसा शिकंजा, आगे की जांच जारी
कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों, चोरी की अन्य घटनाओं तथा बरामद वाहनों के संबंध में विस्तृत विवेचना कर रही है।
गोंडा पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।
