जनपद स्तरीय किसान मेले का भव्य आयोजन, प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित
1 min read
स्वदेश प्रेम,उत्तर प्रदेश ब्यूरो, रमजान अली
गोंडा। कृषि विभाग द्वारा जनपद स्तरीय किसान मेले का आयोजन के टाउन हॉल में किया गया, जिसका उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कृषि विभाग की योजनाओं की सराहना करते हुए किसानों से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
मेले में विदेश, पर्यावरण एवं वन राज्य मंत्री, भारत सरकार के स्थानीय प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र ने भी भाग लिया। इस दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक खेती, जैविक कृषि, नैनो यूरिया, और फसलों की वैज्ञानिक पद्धतियों के बारे में जानकारी दी।
कृषि विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
इस किसान मेले में कृषि विभाग के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने, प्राकृतिक खेती, कीट नियंत्रण, और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
• कृषि विज्ञान केंद्र, मनकापुर के वैज्ञानिक डॉ. राम लखन सिंह यादव ने रबी फसलों की समसामयिक गतिविधियों के बारे में बताया।
• डॉ. हनुमान प्रसाद पांडे ने जायद फसलों की तैयारी पर जोर दिया।
• वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रमणि त्रिपाठी ने कृषि विविधीकरण और रसायन मुक्त कीट नियंत्रण पर जानकारी दी।
• इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. डीके सिंह ने किसानों को नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के लाभ समझाए।
• गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने गन्ने की वैज्ञानिक खेती पर प्रकाश डाला।
प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में जिले के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर बेहतर उत्पादन और कृषि नवाचार में योगदान दिया है। किसानों को खेती में उन्नत तकनीकों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
किसानों को मिली उपयोगी जानकारी
मेले में भूमि संरक्षण विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग सहित कई विभागों और निजी कृषि कंपनियों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए, जहां किसानों ने उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का संचालन एसपी शर्मा ने किया, जबकि अंत में जिला कृषि अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
स्वदेश प्रेम, गोंडा उत्तर प्रदेश ब्यूरो, रमजान अली