दिनांक: 08 जुलाई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
पूर्वी जिले के प्रीत विहार थाना पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो इलाके में चाकू के बल पर चोरी और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूर्वी जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रीत विहार थाना पुलिस को इलाके में लगातार गश्त और निगरानी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एचसी राम सिंह, एचसी दलवीर और कांस्टेबल बिजेंद्र की टीम पीएसके रोड स्थित काला पार्क इलाके में गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, जिसके बाद टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रीत विहार स्थित चित्रा विहार झुग्गी निवासी 26 वर्षीय पूरन के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ थाना प्रीत विहार में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपने खर्चे पूरे करने के लिए चोरी और स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता था। उसने यह भी बताया कि वह चाकू के बल पर किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उसका मंसूबा पूरा नहीं हो सका।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
