दिल्ली

द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर बदमाश ‘डेटा’ गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल और स्कूटी बरामद

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 07 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद

नई दिल्ली।
द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना डाबरी के सक्रिय बदमाश और घोषित बीसी (Bad Character) सुमित गिरी उर्फ डेटा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन और एक चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से चोरी, घरों में सेंधमारी और वाहन चोरी जैसी वारदातों में सक्रिय था। उसकी गिरफ्तारी से चोरी और वाहन चोरी के छह मामलों का खुलासा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुमित उर्फ डेटा विजय एन्क्लेव इलाके में चोरी के मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद एंटी-बर्गलरी सेल ने तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए आरोपी पर नजर रखनी शुरू की।

28 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-3 द्वारका स्थित डस्ट लैंड इलाके में चोरी की स्कूटी पर आने वाला है। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से चार चोरी के मोबाइल फोन और जनकपुरी थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2011 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है और अब तक चोरी, सेंधमारी और वाहन चोरी के 28 मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए लगातार अपराध करता था।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें