ढाई माह बाद भी खुलासा न होने से पीड़ित परेशान, कार्रवाई की मांग
स्वदेश प्रेम/ एटा
एटा 2 जून 2026 दिनदहाड़े लूटी गई मोटरसाइकिल की बरामदगी न होने से परेशान एक युवक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के लगभग ढाई माह बीत जाने के बाद भी उसकी मोटरसाइकिल बरामद नहीं हो सकी है।
थाना सकरौली क्षेत्र के ग्राम मुड़समा निवासी प्रशांत कुमार पुत्र प्रमोद कुमार ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 12 मार्च 2026 को इसौली-जलेसर रोड पर चिरावली गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल लूट ली थी। घटना के संबंध में उसी दिन थाना सकरौली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पीड़ित के अनुसार मामले में एफआईआर संख्या 31/2026 दर्ज है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के बाद से वह लगातार पुलिस अधिकारियों और थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक उसकी मोटरसाइकिल बरामद नहीं हो सकी है। उसने आरोप लगाया कि पूछताछ करने पर उसे विभिन्न कारण बताकर टाल दिया जाता है।
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई कराने तथा लूटी गई मोटरसाइकिल की बरामदगी सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की भी गुहार लगाई है।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक राहत मिल पाती है।
