दिनांक: 08 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश से दिल्ली-एनसीआर में हाई क्वालिटी मालाणा चरस सप्लाई करने वाले इंटरस्टेट ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार/चिन्हित किया है और कुल 480.4 ग्राम प्रीमियम क्वालिटी मालाणा चरस बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई FIR No. 125/2026, धारा 20/21/29 NDPS Act, थाना गाजीपुर के तहत की गई। मामले की जांच के दौरान दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश तक फैले ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को स्पेशल स्टाफ की टीम गाजीपुर इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शर्मानाथ बांध के पास दो युवक पुलिस को देखकर बचने की कोशिश करने लगे। शक होने पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 115 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम जैन और राहुल कुमार के रूप में हुई। पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को बड़े ड्रग नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके बाद 18 अप्रैल को पुलिस ने विशाल भारद्वाज को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 101.4 ग्राम मालाणा चरस बरामद हुई। वहीं गुरुग्राम स्थित उसके ठिकाने से 264 ग्राम अतिरिक्त चरस बरामद की गई।
जांच में सामने आया कि चरस की सप्लाई हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मालाणा गांव से की जा रही थी। इसके बाद पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश में दबिश देकर मुख्य सप्लायर उर्मेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि हरदीप नामक आरोपी कुरियर की भूमिका निभाता था और मालाणा से दिल्ली तक चरस पहुंचाता था। फिलहाल वह एक अन्य NDPS केस में न्यायिक हिरासत में बंद है।
गिरफ्तार आरोपियों में शुभम जैन, राहुल कुमार, विशाल भारद्वाज, उर्मेश और हरदीप शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ड्रग सप्लाई नेटवर्क चलाने में किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल फोन और निजी संपर्कों के जरिए सप्लाई, ट्रांसपोर्ट और डिलीवरी का पूरा नेटवर्क संचालित करते थे। हर सदस्य की अलग भूमिका तय थी ताकि ड्रग तस्करी का काम बिना शक के चलता रहे।
फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की आगे जांच जारी है।
