दिल्ली

द्वारका सेक्टर-23 थाना पुलिस की सतर्कता: चोरी की स्कूटी और अवैध चाकू के साथ शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

शेयर करें:
Spread the love

स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी
दिनांक: 04 अप्रैल 2026, शनिवार

नई दिल्ली। द्वारका जिले के थाना सेक्टर-23 की पुलिस टीम ने मुस्तैद गश्त के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी और एक बटनदार अवैध चाकू बरामद किया गया है। इसके अलावा पूछताछ में एक अन्य चोरी की दोपहिया वाहन की भी बरामदगी की गई है।

गश्त के दौरान पकड़ा गया आरोपी

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसीपी द्वारका सब-डिवीजन किशोर कुमार रेवाला और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र छिल्लर के निर्देशन में की गई। टीम में हेड कांस्टेबल कृष्ण, हेड कांस्टेबल अशोक, हेड कांस्टेबल राधेश्याम, एएसआई मनोज और हेड कांस्टेबल अनिल शामिल थे।

गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने का प्रयास करने लगा। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

चोरी की स्कूटी और अवैध चाकू बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक होंडा एक्टिवा (सफेद रंग) और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। जांच में पता चला कि बरामद स्कूटी थाना उत्तम नगर में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 031399/2025 के तहत चोरी की गई थी।

पूछताछ में दूसरी स्कूटी भी बरामद

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक और चोरी की टीवीएस स्कूटी बरामद की गई, जो थाना सेक्टर-23 द्वारका में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 1959/25 से संबंधित पाई गई।

आदतन वाहन चोर निकला आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि रंजन (उम्र 24 वर्ष), निवासी गोयला डेयरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी वाहन चोरी के मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ रेलवे थाना व द्वारका साउथ में भी केस दर्ज हैं।

कानूनी कार्रवाई और जांच जारी

अवैध चाकू की बरामदगी के संबंध में थाना सेक्टर-23 द्वारका में एफआईआर संख्या 90/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।

द्वारका पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए गश्त और निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है, जिससे इस तरह के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें