March 5, 2026

svadeshprem.com

My WordPress Blog

फर्जी लिंक और कॉल से सावधान रहें, ट्रैफिक चालान केवल सरकारी पोर्टल पर ही करें भुगतान : दिल्ली ट्रैफिक पुलिस

1 min read
Spread the love

 

स्वदेश प्रेम / मोहद आरिश

नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों को साइबर ठगी से सतर्क करते हुए स्पष्ट सलाह जारी की है कि ट्रैफिक चालान का भुगतान केवल अधिकृत सरकारी वेबसाइट और पोर्टल के माध्यम से ही करें। पुलिस ने कहा है कि किसी भी अनजान संदेश, कॉल या लिंक पर भरोसा न करें, जो चालान के त्वरित निपटारे या छूट का लालच देकर भुगतान करने के लिए प्रेरित करते हैं।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार हाल के दिनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें ठगों द्वारा फर्जी लिंक भेजकर लोगों से चालान भुगतान के नाम पर ठगी की जा रही है। ये जालसाज खुद को सरकारी अधिकारी या ट्रैफिक विभाग का प्रतिनिधि बताकर लोगों को भ्रमित करते हैं और निजी जानकारी या ऑनलाइन भुगतान करवा लेते हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी चालान संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सरकारी वेबसाइटों पर ही जाएं और वेबसाइट का पता (URL) अच्छी तरह जांच लें। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की तुरंत सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्पलाइन पर दें।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यह भी बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित पोर्टल पर भुगतान करने से न केवल लेन-देन सुरक्षित रहता है, बल्कि चालान की पूरी जानकारी भी पारदर्शी रूप से उपलब्ध होती है।

नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। थोड़ी सी लापरवाही बड़े नुकसान का कारण बन सकती है, इसलिए किसी भी प्रकार के ऑनलाइन भुगतान से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.