“उड़ान: नई पीढ़ी नया कल” — देशभर की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
रिपोर्ट — शान मोहम्मद सिद्दीकी / स्वदेश प्रेम
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली जल्द ही देशभर की उभरती प्रतिभाओं का गवाह बनने जा रही है। सामाजिक पहल के रूप में आयोजित टैलेंट शो “उड़ान: नई पीढ़ी नया कल” उन बच्चों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है, जो हुनर तो रखते हैं लेकिन संसाधनों की कमी के चलते अपनी पहचान नहीं बना पाते।
इस अनोखे मंच का ग्रैंड फिनाले 6 मई 2026 को श्री राम सेंटर, मंडी हाउस में आयोजित किया जाएगा। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से चुने गए प्रतिभागी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
फिलहाल, देश के कई शहरों में इस शो के लिए ऑडिशन जारी हैं। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बड़ी संख्या में बच्चे इसमें भाग लेकर अपने सपनों को नई दिशा देने की कोशिश कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मनोरंजन जगत की जानी-मानी हस्तियां भी शामिल होंगी। बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। वहीं, सिंगिंग के क्षेत्र में शिवाय व्यास प्रतिभागियों का मूल्यांकन करेंगे और डांस की प्रस्तुति का जिम्मा कोरियोग्राफर रिंकू जैज़ फंक संभालेंगे।
इस आयोजन को नेक्सुरा इवेंट्स और पिलर्स ऑफ स्ट्रेंग्थ फाउंडेशन मिलकर आयोजित कर रहे हैं। इसके पीछे युवा उद्यमी मोहित गांधी और समाजसेवी निशा चौहान की विशेष भूमिका है।
कार्यक्रम की सबसे अहम बात यह है कि इसमें भाग लेने के लिए किसी भी तरह की फीस नहीं रखी गई है। समाज के हर वर्ग के बच्चों—चाहे वे सरकारी स्कूल, झुग्गी-झोपड़ी या अनाथालय से हों—को बिना किसी भेदभाव के बराबरी का अवसर दिया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाना है। यह मंच उन बच्चों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है, जो बड़े सपने तो देखते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के साधन नहीं होते।
“उड़ान: नई पीढ़ी नया कल” सिर्फ एक टैलेंट शो नहीं, बल्कि एक ऐसा सामाजिक अभियान है, जो हर बच्चे को यह विश्वास दिलाता है कि हुनर हो तो मंजिल जरूर मिलती है।
