दिनांक: 08 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
ईस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने “ऑपरेशन गैंग बस्ट” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए देव कल्याणपुरी गैंग के एक हार्डकोर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव सिंह (24 वर्ष) निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी को गाजीपुर गांव स्थित समाधि पार्क के पास से पकड़ा गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इलाके में सक्रिय गैंग और आदतन अपराधियों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी के तहत पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस की टीम लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही थी।
6 मई 2026 की रात करीब 10:50 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि देव कल्याणपुरी गैंग का सदस्य देव सिंह अवैध हथियार के साथ गाजीपुर गांव के जी-ब्लॉक इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को घेर लिया और मौके पर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी करता था, लेकिन नशे की लत और आर्थिक तंगी के कारण अपराधियों के संपर्क में आ गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी स्मैक और गांजा का आदी है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कल्याणपुरी थाने का घोषित बीसी (Bad Character) है और उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस देव कल्याणपुरी गैंग के अन्य सदस्यों और अवैध हथियार नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
