दिल्ली

मधु विहार पुलिस की त्वरित कार्रवाई: दो शातिर स्नैचर गिरफ्तार, चेन और चोरी की बाइक बरामद

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 05 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद

नई दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाना पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

घटना 3 मई की है, जब बीएसईएस ऑफिस के पास चेन स्नैचिंग की सूचना PCR कॉल के जरिए पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान पेट्रोलिंग कर रही टीम ने दो संदिग्धों को बाइक पर भागते देखा और तुरंत उनका पीछा किया।

तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से छीनी गई चेन बरामद हुई। साथ ही जिस बाइक पर वे सवार थे, वह भी चोरी की निकली, जो मंडावली थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले से जुड़ी हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम उर्फ बछकाना (23 वर्ष) और कुनाल (23 वर्ष), दोनों निवासी वेस्ट विनोद नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे हाल ही में जेल से छूटे थे और उसके बाद से इलाके में लगातार स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध करते थे। इनके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी से मधु विहार और पांडव नगर क्षेत्र में हुई चार चेन स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा हुआ है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें