दिल्ली

बाल श्रम मुक्ति को लेकर एसडीएम ने की इंडस्ट्रियल एसोसिएशन से मुलाकात

शेयर करें:
Spread the love

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर पीरागढ़ी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के साथ बैठक, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से काम न कराने की अपील

स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी

नई दिल्ली, संवाददाता। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर बाहरी जिला के सब-डिवीजन नांगलोई जाट के एसडीएम श्री विक्रम सिंह ने पीरागढ़ी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बाल श्रम उन्मूलन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक और कानूनी अपराध है तथा इसके विरुद्ध प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एसडीएम विक्रम सिंह ने सभी उद्योगपतियों एवं कारखाना मालिकों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य न कराएं। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्थान स्कूल और शिक्षा के क्षेत्र में है, न कि कार्यस्थलों पर।

पीरागढ़ी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि उनके क्षेत्र की सभी फैक्ट्रियों एवं औद्योगिक इकाइयों के मुख्य द्वार पर “18 वर्ष से कम उम्र के व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित है” संबंधी बोर्ड लगाए गए हैं। उन्होंने बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

बैठक में ‘केयर फॉर यू’ एनजीओ के निदेशक श्री राजेश शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने बाल श्रम उन्मूलन के लिए समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

अंत में एसडीएम विक्रम सिंह ने सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सहयोग करने तथा बाल श्रम जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए कहा कि “बाल श्रम को ना कहें और बच्चों को शिक्षा से जोड़ें।”
रिपोर्ट – शान मोहम्मद सिद्दीकी

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें