स्वदेश प्रेम , उत्तर प्रदेश, ब्यूरो , रमज़ान अली
गोंडा। देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु बैठक गुरुवार को मंडलायुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उद्यम से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने और बैंकिंग प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
आयुक्त ने सभी बैंकों और उपायुक्त उद्योगों को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति का ऋण आवेदन बिना ठोस कारण के निरस्त न किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्यमियों के लिए प्रत्येक बैंक में हेल्प डेस्क स्थापित किया जाए, जिससे उन्हें विभिन्न योजनाओं और ऋण संबंधी प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी दी जा सके।
उद्योग बंधु बैठकों को नियमित करने के निर्देश
आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी जिलों में उद्योग बंधु की बैठक समय पर आयोजित की जाए और जो भी समस्याएं सामने आएं, उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना सहित अन्य सभी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।
बलरामपुर डीसी उद्योग से मांगा गया स्पष्टीकरण
बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत बलरामपुर और श्रावस्ती में सत्यापन प्रगति धीमी रहने पर आयुक्त ने 100% सत्यापन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, बलरामपुर उपायुक्त उद्योग से योजनाओं की खराब प्रगति को लेकर स्पष्टीकरण तलब किया गया।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में अब तक 274 लाभार्थियों को ऋण वितरण
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत मंडल स्तर पर 352 लक्ष्य के सापेक्ष 294 आवेदनों को बैंकों ने स्वीकृत किया, जिसमें से 274 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया। वहीं, एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत 213 लक्ष्य के सापेक्ष 113 आवेदनों को स्वीकृत कर 102 लाभार्थियों को ऋण प्रदान किया गया।
उद्यमियों को मिलेगा अधिक से अधिक लाभ
बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को पूरी पारदर्शिता के साथ दिया जाए। उन्होंने कहा कि बैंकों को आवेदकों को पहले से ही सभी आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देनी चाहिए, ताकि आवेदन प्रक्रिया में देरी न हो।
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग सविता भारती रंजन, सभी जिलों के उपायुक्त उद्योग, एलडीएम, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और कई उद्यमी उपस्थित रहे।
