मिशन शक्ति अभियान के पाँचवें चरण में आईजी अमित पाठक ने की महिलाओं को जागरूक — सुरक्षा व आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
1 min read
स्वदेश प्रेम / ब्यूरो रिपोर्ट / रमजान अली / गोंडा (उत्तर प्रदेश)
गोंडा। मिशन शक्ति अभियान के पाँचवें चरण के तहत दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को थाना धानेपुर क्षेत्र के गाँव दुल्हापुर बनकट में एक विशेष चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा श्री अमित पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने चौपाल में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा उपायों तथा हेल्पलाइन नम्बरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और उन्हें जागरूक किया।
आईजी अमित पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ प्रत्येक महिला और बालिका तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है — बाजारों, विद्यालयों, बैंकों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में एंटी रोमियो टीम लगातार सक्रिय है और शोहदों तथा मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला या बालिका को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
आईजी पाठक ने यह भी बताया कि प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां महिला पुलिसकर्मियों द्वारा शिकायतों को गोपनीयता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाता है। उन्होंने आपात स्थिति में उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि डायल-112 तत्काल सहायता के लिए हमेशा तत्पर है, साथ ही वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड लाइन 1098 जैसी सेवाओं के माध्यम से भी शीघ्र मदद प्राप्त की जा सकती है।
इस चौपाल कार्यक्रम में जिलाधिकारी गोंडा, मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और छात्राओं ने आईजी पाठक से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका समाधान मौके पर ही किया गया।
