स्वदेश प्रेम / मोहद आरिश
लोनी (गाज़ियाबाद)।
दिल्ली से सटे गाज़ियाबाद जनपद के लोनी क्षेत्र स्थित काशिम विहार के राजधानी इंक्लेव में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर हौक फाउंडेशन द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व संस्था के संस्थापक रहीस इंडिया ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाजसेवी और युवा शामिल हुए, जिनमें राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान हौक फाउंडेशन के संस्थापक रहीस इंडिया के साथ साकिर खान और फहीम खान ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। तिरंगे को सलामी देने के पश्चात उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और “भारत माता की जय” के नारों से पूरे परिसर को गूंजायमान कर दिया। चारों ओर देशभक्ति का माहौल बना रहा और सभी ने गणतंत्र दिवस को पूरे उल्लास के साथ मनाया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें लोकतंत्र की ताकत और एकता की भावना को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
हौक फाउंडेशन बीते कई वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। संस्था विशेष रूप से बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने से लेकर सामाजिक उत्थान के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से फाउंडेशन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रही है।
गणतंत्र दिवस के इस आयोजन ने न केवल लोगों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि सामाजिक संस्थाएं यदि निस्वार्थ भाव से कार्य करें तो समाज को नई दिशा दी जा सकती है। हौक फाउंडेशन और उसके संस्थापक रहीस इंडिया का यह प्रयास निश्चित रूप से प्रेरणास्पद है और समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है।
