March 6, 2026

svadeshprem.com

My WordPress Blog

मिशन शक्ति की समीक्षा में आईजी अमित पाठक सख्त, लापरवाही पर निलंबन व जांच के निर्देश

1 min read
Spread the love

अपहृत व गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं के मामलों में ढिलाई नहीं, थाना प्रभारियों को चेतावनी

रमजान अली / गोंडा

गोण्डा। पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र श्री अमित पाठक द्वारा मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, अपहृत एवं गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं की बरामदगी की स्थिति तथा थाना प्रभारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर कड़ा रुख अपनाते हुए एक मिशन शक्ति प्रभारी को निलंबित करने तथा एक थाना प्रभारी के विरुद्ध विभागीय जांच के निर्देश दिए गए।

आईजी श्री अमित पाठक द्वारा परिक्षेत्र स्तर पर विशेष अभियान चलाकर थानावार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को थाना रानीपुर (जनपद बहराइच) एवं थाना पचपेड़वा (जनपद बलरामपुर) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

थाना रानीपुर की समीक्षा में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एंटी-रोमियो डोजियर, एंटी-रोमियो की दैनिक कार्यवाही, महिला बीट रजिस्टर की मासिक प्रविष्टियां तथा निरोधात्मक कार्यवाही असंतोषजनक पाई गईं। इस पर आईजी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

आईजी श्री अमित पाठक ने थाना प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी एवं मिशन शक्ति प्रभारी उप निरीक्षक विनय कुमार मिश्रा से अभियान से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। मिशन शक्ति प्रभारी उप निरीक्षक विनय कुमार मिश्रा को अभियान के कार्यों में शिथिलता व लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित करने के निर्देश दिए गए। वहीं गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिग बालिकाओं से जुड़े मामलों तथा मिशन शक्ति से संबंधित प्रकरणों में पर्याप्त जानकारी न होने पर थाना प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए।

इसके साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत सराहनीय कार्य करने पर थाना रानीपुर में तैनात महिला आरक्षी गोल्डी त्रिपाठी को आईजी महोदय द्वारा ₹2000 नकद पुरस्कार देने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान थाना पचपेड़वा, जनपद बलरामपुर में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत की गई कार्यवाही अपेक्षानुरूप पाई गई। आईजी ने निस्तारित प्रकरणों में फीडबैक प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की काउंसलिंग प्रक्रिया को मिशन शक्ति की SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर आईजी श्री अमित पाठक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि,
“मिशन शक्ति अभियान एवं पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास की गारंटी है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता, तत्परता और पूर्ण जवाबदेही के साथ कार्य करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.