यूपी

गोंडा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन, 567 जोड़ों ने लिए सात फेरे

शेयर करें:
Spread the love

स्वदेश प्रेम- ब्यूरो

रमज़ान अली गोंडा ,उत्तर प्रदेश ब्यूरो

गोंडा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को रायल पैराडाइज, गोंडा में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न विकासखंडों और नगर निकायों से कुल 753 जोड़े पंजीकृत थे, जिनमें से 567 जोड़ों का विवाह हिंदू और इस्लामिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिले के कई गणमान्य व्यक्तियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में 521 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से पंडितों द्वारा और 46 जोड़ों का निकाह इस्लामिक परंपरा अनुसार मौलवी साहिबे आलम द्वारा कराया गया। विवाह स्थल पर समुचित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन के निर्देशानुसार विद्युत सुरक्षा, भोजन की गुणवत्ता, टेंट व्यवस्था और उपहार सामग्री की जांच के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

गरीब परिवारों की बेटियों के लिए बड़ी मदद

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकार प्रत्येक जोड़े पर ₹51,000 खर्च करती है। इसमें ₹10,000 मूल्य की उपहार सामग्री दी जाती है, जिसमें चांदी की पायल-बिछिया, स्टील का डिनर सेट, 5 लीटर प्रेशर कुकर, कपड़े, दीवार घड़ी, सौंदर्य प्रसाधन किट सहित अन्य गृहस्थी का सामान शामिल होता है। विवाह के उपरांत ₹35,000 की राशि सीधे वधू के खाते में ट्रांसफर की जाती है और आयोजन पर ₹6,000 खर्च किए जाते हैं।

वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक सदर गोंडा प्रतीक भूषण सिंह, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, सांसद प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर अशोक कुमार गुप्ता, पुलिस क्षेत्राधिकारी आनंद कुमार राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला मत्स्य अधिकारी इंद्रजीत सिंह और सहायक पर्यटन अधिकारी वंदना पांडेय सहित विभिन्न विकासखंडों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह आयोजन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह को भव्य और सम्मानजनक तरीके से संपन्न कराने के सरकार के संकल्प को दर्शाता है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें