समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश – 2047 : गोंडा में हुआ भव्य आयोजन
1 min read
स्वदेश प्रेम /रमज़ान अली / गोंडा।
जिला पंचायत सभागार में “समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश – 2047” विषय पर एक भव्य संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद की नोडल अधिकारी एवं महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रबुद्धजन, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थाएं, महिला समूह, उद्यमी और किसान उपस्थित रहे।
इस संवाद का उद्देश्य वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। वक्ताओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, डिजिटल सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।
इसी क्रम में जिला पंचायत परिसर में कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अधिकारियों ने अवलोकन किया। इन स्टालों में आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, सौर ऊर्जा आधारित उपकरण, नवीन बीज और उन्नत कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। नोडल अधिकारी व जिलाधिकारी ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की और उन्हें नए स्वरोजगार अवसरों से जोड़ने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन एडीएसटी अरुण कुमार सिंह ने किया। इस दौरान सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक अजय प्रताप सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
सभी प्रतिभागियों ने “विकसित उत्तर प्रदेश – 2047” के लक्ष्य को साकार करने हेतु सक्रिय योगदान का संकल्प लिया।
