स्वदेश प्रेम / गोंडा , उत्तर प्रदेश
रमज़ान अली, ब्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
गोंडा। देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने उर्वरक वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर फील्ड में निगरानी की जाएगी।
कड़ी निगरानी और पारदर्शी प्रक्रिया
शासन के निर्देशानुसार उर्वरक वितरण की कड़ी निगरानी की जाएगी, जिससे किसानों को उनकी जोत और कृषि भूमि के अनुसार ही उर्वरक मिल सके। किसी भी किसान को अनुशंसित मात्रा से अधिक उर्वरक न मिले, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
साथ ही, प्रशासन यह भी सुनिश्चित करेगा कि वितरण प्रक्रिया में कोई अनियमितता, कालाबाजारी या ओवर रेटिंग न हो। साधन सहकारी समितियों से उर्वरक वितरण रजिस्टर की फोटो प्रतियां प्राप्त कर ली गई हैं, जिनका भौतिक और स्थलीय सत्यापन किया जाएगा।
समयबद्ध रिपोर्टिंग और सख्त कार्रवाई
आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को 25 फरवरी तक तहसीलवार संकलित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर उर्वरक वितरण में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की यह सख्ती किसानों को सही और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
