March 6, 2026

svadeshprem.com

My WordPress Blog

खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी–2025 का सफल समापन, 198 लाख से अधिक की रिकॉर्ड बिक्री

1 min read
Spread the love

स्वदेश प्रेम / रमज़ान अली
गोंडा। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी–2025 का भव्य एवं सफल समापन 8 जनवरी 2026 को गोंडा जनपद स्थित शहीदे आज़म सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन मैदान), कचेहरी रोड पर सम्पन्न हुआ। यह प्रदर्शनी 29 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक चली, जिसमें खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े विविध उत्पादों का व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किया गया।

परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, देवीपाटन मंडल गोंडा श्री महेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान कुल ₹198.01 लाख की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। यह उपलब्धि खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं के बढ़ते विश्वास और स्वदेशी वस्तुओं की मजबूत मांग को दर्शाती है। प्रदर्शनी में खादी वस्त्रों के साथ-साथ ग्रामोद्योग उत्पाद, हस्तशिल्प सामग्री, पारंपरिक खाद्य पदार्थ, घरेलू उपयोग की वस्तुएं एवं स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। श्री गुड्डू दूवे म्यूजिकल ग्रुप एवं डीएन्जल ग्रुप, आगरा के कलाकारों द्वारा गणेश वंदना, राम स्तुति, घुमर, राजस्थानी लोकनृत्य, बिहार लोकनृत्य तथा कथक के तीन ताल जैसी मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रयागराज, लखनऊ, आगरा एवं गोंडा जनपद के कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।

खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों एवं उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। खादी क्षेत्र में ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, सीतापुर को प्रथम, भागवत रेडीमेड गारमेंट्स, गोरखपुर को द्वितीय तथा क्षेत्रीय श्री गांधी आश्रम, गोंडा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं ग्रामोद्योग क्षेत्र में सुरेन्द्र पाल ग्रामोद्योग, हरिद्वार को प्रथम, नीरज मिश्रा, उत्तराखंड को द्वितीय एवं नदीम कारपेट, भदोही को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

समापन समारोह के अवसर पर जिलाधिकारी गोंडा श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन ने विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही प्रदर्शनी के सफल आयोजन में योगदान देने वाले उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सेनि.) श्री आर.एस. श्रीवास्तव, सेवायोजन अधिकारी श्री गुलाब चन्द्र, उपायुक्त उद्योग श्री बाबू राम, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री रोशन लाल पुष्कर सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन की सराहना करते हुए इसे स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाला एक सशक्त मंच बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.