दिनांक: 04 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के करोल बाग थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्नैचर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 7 किलोमीटर लंबे CCTV ट्रेल को खंगालते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल थे।
घटना 28 अप्रैल की है, जब जयपुर से आए एक लॉ स्टूडेंट का मोबाइल फोन करोल बाग स्थित हनुमान मूर्ति के पास स्नैच कर लिया गया था। पीड़ित एयरपोर्ट जाने के लिए रास्ता देख रहा था, तभी सफेद स्कूटी पर सवार दो बदमाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पूसा इलाके में कई चक्कर लगाए और अलग-अलग रास्तों से भागने की कोशिश की।
पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर करीब 7 किलोमीटर तक उनका रूट ट्रैक किया। इस दौरान स्कूटी की नंबर प्लेट में छेड़छाड़ का भी पता चला। लगातार निगरानी के बाद दोनों आरोपियों को जामा मस्जिद इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद असद (23 वर्ष) और हुजैफा (20 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि करोल बाग की वारदात के बाद उन्होंने वापसी के दौरान कनॉट प्लेस में भी एक और स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मोहम्मद असद एक आदतन अपराधी है और हाल ही में तिहाड़ जेल से रिहा हुआ था। उसके खिलाफ दिल्ली और राजस्थान में 17 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा स्कूटी बरामद कर ली है, जबकि छीना गया मोबाइल एक अन्य साथी को बेचने के लिए दे दिया गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह और मोबाइल खरीदने वाले आरोपी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगेगी और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
