स्वदेश प्रेम, रमजान अली। गोण्डा
गोण्डा, 20 जून 2026। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील कर्नलगंज सभागार, जनपद गोण्डा में पुलिस उपमहानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा श्री अशोक कुमार ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई की।
समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए डीआईजी श्री अशोक कुमार ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले की मौके पर जाकर जांच की जाए तथा पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने में कोई शिथिलता न बरती जाए।
डीआईजी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण सर्वोच्च स्थान पर है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया गया तथा प्रार्थना-पत्रों की समयबद्ध जांच, प्रभावी कार्यवाही एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत बनाना है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
