स्वदेश प्रेम | रमजान अली, बलरामपुर।
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार ने जनपद बलरामपुर का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थलों, ताजिया मार्गों एवं कर्बला स्थलों का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन की तैयारियों की गहन समीक्षा की।
डीआईजी अशोक कुमार ने कोतवाली नगर एवं कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत स्थित नहरबालागंज कर्बला सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार, बलरामपुर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान निरंतर निगरानी रखी जाए तथा अफवाह फैलाने वालों, अराजक तत्वों और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ताजिया जुलूस मार्गों की सतत मॉनिटरिंग तथा धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं ताजिया कमेटियों के साथ नियमित संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, जिससे आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण कायम रहे।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने निर्देशित किया कि प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु एवं निर्बाध रूप से संचालित किया जाए। आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं डायवर्जन योजना लागू कर आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। ताजिया जुलूस मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के सभी प्रबंध समय रहते पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में विकास कुमार, विशाल पाण्डेय, ज्योति श्री सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
डीआईजी का स्पष्ट संदेश: “मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे और आमजन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखे।
