दिल्ली

महागुन ग्रुप मुख्यालय पर मजदूरों का धरना, बकाया भुगतान का मिला आश्वासन

शेयर करें:
Spread the love

वर्षों से लंबित मजदूरी को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन, भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज

स्वदेश प्रेम | शान मोहम्मद सिद्दीकी

नई दिल्ली, 17 अप्रैल 2026। अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए संघर्ष कर रहे निर्माण मजदूरों ने शुक्रवार को शाहदरा जिला स्थित महागुन ग्रुप के मुख्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर संघ के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए और वर्षों से लंबित मजदूरी के भुगतान की मांग को बुलंद किया।

मजदूरों का आरोप है कि महागुन ग्रुप की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं—माय वुड, मॉडर्न, एमएमएचपी-78, मिराबेला, मंथरा और मेमोरियल सहित कई साइटों पर कार्य करने के बावजूद उन्हें उनकी मेहनत का पूरा भुगतान नहीं मिला है। श्रमिकों का कहना है कि कई बार शिकायतें और अनुरोध करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे उनके परिवार आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।

धरना-प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने “मजदूरों को मजदूरी दो”, “मजदूरों का शोषण बंद करो”, “बकाया भुगतान करो” और “मजदूर एकता जिंदाबाद” जैसे नारों के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निर्माण कार्यों को समय पर पूरा कराने में मजदूरों की अहम भूमिका होती है, लेकिन भुगतान के समय उन्हें उपेक्षा और शोषण का सामना करना पड़ता है।

भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूरों ने दिन-रात मेहनत करके परियोजनाओं को खड़ा किया है, इसलिए उन्हें उनकी मेहनत की कमाई से वंचित रखना अन्याय है। संगठन ने आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदारों और एजेंसियों की लापरवाही का खामियाजा मजदूरों को भुगतना पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन के बाद महागुन ग्रुप के प्रतिनिधियों ने मजदूरों और संघ के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। बैठक में मजदूरों की समस्याओं को विस्तार से सुना गया और बकाया भुगतान के संबंध में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया गया। कंपनी की ओर से लंबित भुगतान कराने का भरोसा दिए जाने के बाद मजदूरों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है।

हालांकि श्रमिकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय में भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर संघ ने भी कहा कि मजदूरों के अधिकारों और उनके बकाया भुगतान को सुनिश्चित कराने के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगा।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मजदूरों, श्रमिक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में मजदूरों को उनकी मेहनत की पूरी मजदूरी दिलाने तथा संबंधित पक्षों से शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

रिपोर्ट : शान मोहम्मद सिद्दीकी

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें