March 6, 2026

svadeshprem.com

My WordPress Blog

गोंडा में विद्युत विभाग का औचक निरीक्षण, 17 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए

1 min read
Spread the love

स्वदेश प्रेम / रमज़ान अली / गोंडा।

देवीपाटन मण्डल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने मंगलवार को पूर्वान्ह 10:30 बजे विद्युत विभाग, गोंडा के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभागीय लापरवाही सामने आई और कुल 17 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

निरीक्षण में कार्यालय मुख्य अभियन्ता (वितरण) मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसी प्रकार कार्यालय अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण में 2 कर्मचारी, कार्यालय अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड-प्रथम में 7 कर्मचारी तथा कार्यालय अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड-द्वितीय में 2 कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले। इनमें एक अधिकारी और 16 कर्मचारी शामिल हैं।

आयुक्त ने इस गंभीर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित पाए गए सभी अधिकारी-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अनुशासन और कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए सख्ती जरूरी है।

आयुक्त ने साफ कहा कि समय से कार्यालय पहुंचना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है। यदि कोई कर्मचारी या अधिकारी समयपालन में लापरवाही करता है तो उसका स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और आवश्यकतानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि इससे जनता को असुविधा और सरकारी कार्यों में देरी होती है।

साथ ही उन्होंने विभागाध्यक्षों को नियमित उपस्थिति मॉनिटरिंग करने और देर से आने वाले या अनुपस्थित कार्मिकों के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आयुक्त का मानना है कि इस व्यवस्था से प्रशासनिक कार्यकुशलता और जनता को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.