यूपी

बाढ़ से पहले प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद: मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने तैयारियों का लिया जायजा, युद्धस्तर पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश

शेयर करें:
Screenshot

राहत, बचाव, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं की हुई व्यापक समीक्षा, जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

स्वदेश प्रेम, रमजान अली, गोंडा।

श्रावस्ती, 22 जून 2026 (सूचना विभाग)। संभावित बाढ़ की चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में महाराजा सुहेलदेव सभागार में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ बिंदुवार समीक्षा करते हुए अब तक की गई तैयारियों का आकलन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन से प्राप्त निर्देशों एवं स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बाढ़ से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां कहीं भी किसी प्रकार की कमी शेष हो, उसे युद्धस्तर पर दूर करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तरह सुदृढ़ बनाया जाए।
उन्होंने सभी बाढ़ शरणालयों को व्यवस्थित एवं क्रियाशील रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वहां स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें। शरणालयों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मंडलायुक्त ने बताया कि जिन जनपदों में राहत सामग्री के क्रय एवं टेंडर की प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हुई है, वहां जून माह के भीतर सभी आवश्यक कार्यवाही पूरी कर ली जाए। इसके साथ ही प्रत्येक जनपद में मेडिकल टीमों और सर्विलांस टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने अधिकारियों, नाविकों एवं आपदा मित्रों को बाढ़ पूर्व प्रशिक्षण देने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षित मानव संसाधन किसी भी आपदा से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में राहत चौपालों का आयोजन कर लोगों को बाढ़ के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी देने को कहा गया।
मंडलायुक्त ने कहा कि पूर्व में आई बाढ़ के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार और अधिक प्रभावी रणनीति तैयार की गई है। प्रशासन का उद्देश्य है कि संभावित बाढ़ के दौरान जनहानि एवं नुकसान को न्यूनतम रखा जाए तथा प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर राहत पहुंचाई जा सके।
बैठक में अपर आयुक्त राजेश कुमार यादव, संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बाढ़ से पहले तैयारी ही सबसे बड़ा बचाव” — इसी संकल्प के साथ प्रशासन हर स्तर पर सतर्क और सक्रिय है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें