जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत
1 min read
स्वदेश प्रेम ब्यूरो, उत्तर प्रदेश (रामज़ान अली), गोण्डा।
जनपद गोण्डा में ₹50 लाख से अधिक लागत वाले भवन एवं सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए और अधूरे कार्यों को शीघ्र गति दी जाए, ताकि जनता को समय पर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राजकीय निर्माण निगम, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, सेतु निगम समेत अन्य विभागों की प्रगति रिपोर्ट की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधूरे पड़े कार्यों की स्थिति जानकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में लापरवाही पर कार्रवाई भी की गई। बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने पर एक्सईएएन पैक्सफेड प्रणय कुमार त्रिपाठी का वेतन रोकने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, डिप्टी कलेक्टर नेहा मिश्रा, डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड प्रमोद कुमार त्रिपाठी, एक्सईएएन सीडी-2 वीके त्रिपाठी, एक्सईएएन सीडी-1 सुरेश राम, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वंदना पांडेय सहित परियोजना प्रबंधक व निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
