March 6, 2026

svadeshprem.com

My WordPress Blog

मिशन शक्ति अभियान के पाँचवें चरण की समीक्षा बैठक में आईजी अमित पाठक ने दिए सख्त निर्देश

1 min read
Spread the love

स्वदेश प्रेम ब्यूरो / रमज़ान अली, गोंडा

देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा — बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) देवीपाटन परिक्षेत्र श्री अमित पाठक द्वारा मिशन शक्ति अभियान के पाँचवें चरण के सफल क्रियान्वयन हेतु अधीनस्थ जनपदों के क्षेत्राधिकारीगण के साथ वर्चुअल मीटिंग (गूगल मीट) आयोजित की गई। बैठक में आईजी पाठक ने अभियान की प्रगति, कार्यवाही और प्रभावी अमल पर विस्तार से समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने निर्देश दिया कि थाना स्तर पर एन्टी रोमियो स्क्वाड द्वारा क्षेत्र में नियमित भ्रमण किया जाए तथा महिलाओं और बालिकाओं से छेड़छाड़, गलत टिप्पणी या इशारे करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाजारों, विद्यालयों, बैंकों और भीड़भाड़ वाले हॉट स्पॉट क्षेत्रों में शोहदों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान जारी रखने के निर्देश दिए गए।

आईजी पाठक ने यह भी कहा कि सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल के गांवों, मोहल्लों, स्कूलों और बाजारों में चौपाल लगवाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करें। इसके अलावा, क्षेत्राधिकारी स्वयं अपने सर्किल क्षेत्र के बाजारों और शिक्षण संस्थानों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल के साथ नियमित पैदल गश्त करें।

बैठक में उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत संचालित महिला हेल्प डेस्क के कार्यों की समीक्षा कर शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश भी दिए।

साथ ही, वाहन चेकिंग अभियान को नियमित रूप से चलाने, काले शीशे, संशोधित हेडलाइट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान व वाहन जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए।

आईजी अमित पाठक ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि मिशन शक्ति अभियान को जनसहभागिता से जोड़ते हुए महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की दिशा में अधिक प्रभावी कार्य किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.