दिल्ली

नशे के खिलाफ उत्तर-पूर्वी दिल्ली में ‘ऑपरेशन कवच’ तेज अतिरिक्त उपायुक्त डीसीपी संदीप लांबा से ‘दिल्ली रोशन’ टीम की विशेष मुलाकात, युवाओं को नशे से बचाने पर हुई गहन चर्चा

शेयर करें:
Screenshot

स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में नशे के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन कवच’ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘दिल्ली रोशन’ हिंदी दैनिक समाचार पत्र की विशेष टीम ने अतिरिक्त उपायुक्त डीसीपी संदीप लांबा से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र की गंभीर समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान युवाओं और स्कूली बच्चों को नशे की चपेट में आने से बचाने, स्कूलों के आसपास बिक रहे तंबाकू उत्पादों पर रोक लगाने तथा देर रात तक खुले रहने वाले बीड़ी-सिगरेट व नशीले पदार्थों के ठिकानों पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अपनी कर्तव्यनिष्ठा, सख्त कार्यशैली और जनहितकारी पुलिसिंग के लिए पहचान बना चुके अतिरिक्त उपायुक्त डीसीपी संदीप लांबा के नेतृत्व में इन दिनों पूरे जिले में नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम का उद्देश्य युवाओं को नशे की दलदल में फंसने से बचाना और उन्हें सुरक्षित, स्वस्थ तथा बेहतर भविष्य की ओर ले जाना है।
इस विशेष बैठक में ‘दिल्ली रोशन’ की ओर से मुख्य संपादक शाकिर अंसारी, उप संपादक संध्या सक्सेना, एरिया संपादक आफताब और दिल्ली ब्यूरो चीफ मोहम्मद साजिद शामिल रहे। टीम ने क्षेत्र की जनता से जुड़े जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए बताया कि कई इलाकों में देर रात तक बीड़ी, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों की दुकानें व खोके खुले रहते हैं, जो युवाओं और असामाजिक तत्वों के जमावड़े का केंद्र बनते जा रहे हैं।
बैठक के दौरान ‘दिल्ली रोशन’ टीम ने विशेष रूप से इस बात पर चिंता जताई कि कई स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमों की अनदेखी करते हुए बीड़ी-सिगरेट, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है। इससे कम उम्र के बच्चे और किशोर आसानी से इन चीजों की चपेट में आ रहे हैं, जो उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। टीम ने कहा कि यदि इस पर समय रहते सख्ती नहीं की गई, तो युवा पीढ़ी का बड़ा हिस्सा नशे की गिरफ्त में जा सकता है।
अतिरिक्त उपायुक्त डीसीपी संदीप लांबा ने ‘दिल्ली रोशन’ टीम द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और इस सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के कारोबार और युवाओं को बर्बाद करने वाले तत्वों के खिलाफ पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है, लेकिन जब मीडिया और समाज के जिम्मेदार लोग भी इस अभियान में साथ आते हैं, तो इसका असर और अधिक व्यापक हो जाता है।
डीसीपी संदीप लांबा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्कूलों के आसपास और देर रात तक अवैध रूप से चलने वाले खोकों व दुकानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा ‘ऑपरेशन कवच’ को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा या युवा इस दलदल में न फंसे।
‘दिल्ली रोशन’ हिंदी दैनिक समाचार पत्र ने भी इस अभियान में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प दोहराया। समाचार पत्र की टीम ने कहा कि वह आगे भी जनता की आवाज को निष्पक्षता से उठाती रहेगी और समाज को सही दिशा देने के लिए नशे के खिलाफ इस जनजागरण अभियान को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
अंत में ‘दिल्ली रोशन’ ने क्षेत्र की जनता और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें, उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस व प्रशासन को दें। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस, मीडिया, अभिभावक और समाज—सभी की साझा भागीदारी आवश्यक है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें