March 6, 2026

svadeshprem.com

My WordPress Blog

प्रत्येक पात्र महिला-बालिका तक पहुँचे योजनाओं का लाभ : डॉ. बबीता सिंह चौहान

1 min read
Spread the love

 

गोण्डा।

स्वदेश प्रेम / रमज़ान अली

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) डॉ. बबीता सिंह चौहान गुरुवार को गोण्डा दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक की, कन्या जन्मोत्सव में शामिल हुईं, महिला कारागार व बालिका गृह का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के साथ महिला कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और महिला उत्पीड़न प्रकरणों की समीक्षा की। डॉ. चौहान ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के हित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को लाभ से वंचित न रहने दिया जाए तथा कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न रोकने के लिए सभी विभागों में आंतरिक समिति का गठन सुनिश्चित किया जाए।

इससे पहले उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव, गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने 21 बालिकाओं को हिमालया बेबी किट, कपड़े और तौलिए वितरित किए तथा परिजनों से बालिकाओं के पालन-पोषण व शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। महिला कल्याण विभाग की ओर से चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत लोगों को योजनाओं व लिंग संवेदीकरण के बारे में भी जानकारी दी गई।

इसके बाद डॉ. चौहान ने जिला कारागार स्थित महिला सेल का निरीक्षण किया और अधीक्षक को निर्देशित किया कि महिलाओं की सुविधाओं में कोई कमी न रह जाए। उन्होंने पोर्टरगंज स्थित बालिका गृह का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने रसोई, कार्यालय और अभिलेखों की जांच की तथा अधिकारियों से निर्धारित मेन्यू के अनुसार बालिकाओं को पौष्टिक भोजन व नाश्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर विनय कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय, महिला थाना प्रभारी अनिता यादव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.