स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी
दिनांक: 03 अप्रैल 2026, शुक्रवार
नई दिल्ली। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के थाना जामा मस्जिद की सतर्क पेट्रोलिंग टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक स्कूटी चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को हेड कांस्टेबल विपिन कुमार और कांस्टेबल सीताराम थाना जामा मस्जिद क्षेत्र के बीट नंबर 3 और 4 में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान ओल्ड RCC रोड, दंगल पार्क, मीना बाजार के पास एक स्कूटी सवार संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह अचानक यू-टर्न लेकर भागने लगा।
स्थिति को भांपते हुए पास में गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल विजय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को स्कूटी सहित दबोच लिया।
दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पकड़े जाने के बाद आरोपी स्कूटी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और न ही उसके पास वाहन के वैध कागजात थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी माध्यम ZIPNET के जरिए वाहन की जांच की, जिसमें पता चला कि बरामद स्कूटी (होंडा एक्टिवा, ग्रे रंग) थाना मधु विहार क्षेत्र से चोरी हुई थी।
यह मामला ई-एफआईआर नंबर 007372/2026, दिनांक 02 अप्रैल 2026 के तहत दर्ज था।
तुरंत गिरफ्तारी, सूचना साझा
पुख्ता जानकारी मिलने के बाद आरोपी को मौके पर ही बीएनएसएस की धारा 35(1)(b) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और संबंधित थाना मधु विहार को इसकी सूचना दे दी गई।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोलेश्वर (उम्र 26 वर्ष), निवासी पटपड़गंज, पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
टीम की मुस्तैदी से मिली सफलता
इस पूरी कार्रवाई को हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल विजय और कांस्टेबल सीताराम ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आदेश प्रकाश के नेतृत्व और एसीपी दरियागंज कमल शर्मा की निगरानी में अंजाम दिया।
24 घंटे में केस सुलझा, जनता का भरोसा मजबूत
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ चोरी का मामला 24 घंटे के भीतर सुलझ गया, बल्कि दिल्ली पुलिस की कार्यक्षमता और सतर्कता पर जनता का विश्वास भी और मजबूत हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
