दिनांक: 27 अप्रैल 2026
रिपोर्ट: शान मोहम्मद सिद्दीकी
नई दिल्ली: थाना कल्याणपुरी पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत सराहनीय कार्य करते हुए दो लापता बच्चों को महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिला दिया। इस सफलता के पीछे पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार प्रयास अहम रहे।
पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए बच्चों की लोकेशन ट्रैक की। इसी तकनीकी सुराग के आधार पर पुलिस टीम महाराष्ट्र पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बच्चों को बिना किसी नुकसान के उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। इस पूरे ऑपरेशन में आधुनिक तकनीक और फील्ड वर्क का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला।
पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन मिलाप के तहत लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई की जाएगी, ताकि हर बच्चे को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया जा सके।
