दिल्ली

द्वारका पुलिस का बड़ा एक्शन: दो हफ्ते के एंटी-ड्रग ड्राइव में 35 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 04 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद

नई दिल्ली।
राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “नशे पर लगाम, देश को सलाम” के तहत द्वारका जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग तस्करों पर जोरदार प्रहार किया है। करीब दो हफ्ते तक चले इस विशेष एंटी-ड्रग ड्राइव में पुलिस ने 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।

द्वारका जिला पुलिस ने 21 अप्रैल से 2 मई 2026 के बीच व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान ऑपरेशन यूनिट और विभिन्न थाना पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ड्रग पेडलर्स, सप्लायर्स और नशा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए।

इस अभियान के दौरान कुल 35 एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज किए गए, जिनमें 35 लोगों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने सुनियोजित छापेमारी के जरिए 4.443 किलोग्राम गांजा, 41 ग्राम स्मैक/हेरोइन और 17,930 रुपये नकद बरामद किए हैं।

यह अभियान डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के मार्गदर्शन में चलाया गया, जिसमें “नशा – नॉट कूल” पहल को भी मजबूती दी गई। पुलिस ने न केवल कार्रवाई की बल्कि जागरूकता अभियान भी चलाया। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों, खासकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।

द्वारका पुलिस ने साफ किया है कि ड्रग तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को साझा करें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें