दिनांक: 08 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
पहाड़गंज थाना पुलिस की सांगतराशन चौकी टीम ने जेबकटी की वारदात को सुलझाते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का चोरी हुआ सैमसंग Z Fold मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-3 के पास ई-रिक्शा से उतरने के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने उसका मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पीड़ित अपने बेटे के साथ होटल की ओर जा रहा था तभी वारदात हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की।
लगातार निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर 4 मई को पुलिस ने पुल पहाड़गंज इलाके से यश उर्फ जस्सी और नबी करीम इलाके से विशाल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (24 वर्ष) निवासी नबी करीम और यश उर्फ जस्सी (22 वर्ष) निवासी नबी करीम, पहाड़गंज के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि वे बेरोजगार हैं और मौज-मस्ती के लिए पैसे जुटाने के मकसद से चोरी करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी इलाके के सक्रिय बदमाश और घोषित बीसी (Bad Character) हैं। इनके खिलाफ पहले भी चोरी, लूट, हथियार और मारपीट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस तीसरे फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे जांच जारी है।
