लक्की मर्डर केस में नॉर्थ-ईस्ट पुलिस को बड़ी सफलता, अंतिम फरार CCL भी दबोचा
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी नई दिल्ली
27 जून 2026
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने सीलमपुर थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित लक्की हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मामले के अंतिम फरार बाल अपचारी (CCL) को भी अभिरक्षा में ले लिया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड में शामिल सभी तीनों बाल अपचारी अब पुलिस की पकड़ में आ चुके हैं।
पुलिस द्वारा जारी ताजा जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 को जारी प्रेस नोट के क्रम में सीलमपुर थाना पुलिस की टीम ने लगातार प्रयास, तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर फरार चल रहे 16 वर्षीय बाल अपचारी (CCL) का पता लगाकर उसे किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले मामले में दो अन्य बाल अपचारियों को भी पकड़ा जा चुका था। अंतिम आरोपी के पकड़े जाने के बाद अब लक्की हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा चुका है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान घटना के सभी पहलुओं, साक्ष्यों और परिस्थितियों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
