स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी
नई दिल्ली | 27 जून 2026
राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘शुद्ध प्रहार’ के तहत नॉर्थ-ईस्ट जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27,208 क्वार्टर अवैध शराब (4,897.44 लीटर), 720 बीयर कैन, ₹42,070 नकद राशि और एक स्कूटी बरामद की है। इस अभियान के दौरान 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क, धन के स्रोत और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, जिले के सभी थाना क्षेत्रों और ऑपरेशन टीमों को इस विशेष अभियान में शामिल किया गया था। अलग-अलग स्थानों पर की गई पांच कार्रवाई में अवैध शराब के बड़े भंडार का खुलासा हुआ।
सोनिया विहार थाना क्षेत्र में नारकोटिक्स स्क्वाड ने सभापुर स्थित एक मकान पर छापा मारकर 15,848 क्वार्टर अवैध शराब और 720 बीयर कैन बरामद किए। इस मामले में हिमांशु कश्यप (23) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हरियाणा से अवैध शराब की आपूर्ति होने की जानकारी दी है। पुलिस मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है।
भजनपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र रस्तोगी (31) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे और किराए के गोदाम से 11,112 क्वार्टर अवैध शराब तथा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी बरामद की गई।
वेलकम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 181 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की। महिला की निशानदेही पर अतिरिक्त शराब भी बरामद हुई। मामले में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
खजूरी खास थाना पुलिस ने दयालपुर स्थित सम्राट चिकन कॉर्नर पर छापेमारी कर 28 क्वार्टर अवैध शराब और ₹42,070 नकद बरामद किए। इस मामले में संतराम (57) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस बरामद नकदी के स्रोत और शराब आपूर्ति करने वालों का पता लगाने में जुटी है।
नंद नगरी थाना पुलिस ने फैजान (26) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 39 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की। आरोपी से पूछताछ के आधार पर सप्लाई चेन की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार अभियान चला रही है। पूरे नेटवर्क, परिवहन व्यवस्था, वितरण तंत्र, धन के लेन-देन और डिजिटल भुगतान (UPI) की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
