स्वदेश प्रेम / गौरव राय
नई दिल्ली |
दिल्ली के 26 वरिष्ठ डॉक्टरों को भी किया गया सम्मानित
डॉक्टर्स डे के अवसर पर दिल्ली सचिवालय ऑडिटोरियम में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। दिल्ली मेडिकल फोरम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता को स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए ‘मानव सेवा रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया गया। इस मौके पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री मंजींदर सिंह सिरसा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. हरीश गुप्ता और आयोजन समिति के डॉ. वी. के. मोंगा, डॉ. सर्वेश टंडन, डॉ. एस. सी. एल. गुप्ता, डॉ. अजय बेदी व डॉ. सुनील सिंघल ने किया। राजधानी के प्रतिष्ठित अस्पतालों के अनेक वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञों ने समारोह में शिरकत की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने उद्बोधन में डॉक्टरों को समाज का असली रक्षक बताते हुए कहा कि, “चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च मार्ग है। दिल्ली सरकार चिकित्सा सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्होंने हाल ही में शुरू की गई योजनाओं जैसे आयुष्मान स्वास्थ्य योजना, जन औषधि केंद्र और आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर का ज़िक्र करते हुए कहा कि इन पहलों से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
कार्यक्रम में दिल्ली के 26 वरिष्ठ डॉक्टरों को उनकी विशिष्ट सेवाओं और चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित डॉक्टरों में प्रमुख नाम शामिल हैं:
• डॉ. डी. एस. राणा, सर गंगा राम अस्पताल
• डॉ. हर्ष महाजन, महाजन इमेजिंग
• डॉ. विनय अग्रवाल, पुष्पांजलि मेडिकल सेंटर
• डॉ. मनोज कुमार, मैक्स अस्पताल पटपड़गंज
• डॉ. सुभाष गुप्ता, मैक्स अस्पताल, साकेत
• डॉ. ए. एस. सोइन, मेदांता-द मेडिसिटी
• डॉ. हरीत कुमार चतुर्वेदी, मैक्स हेल्थ केयर
• डॉ. अजय कुमार, बीएलके मैक्स हॉस्पिटल
• डॉ. ओ. पी. यादव, नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट
• प्रो. (डॉ.) सुधीर रावल, राजीव गांधी कैंसर संस्थान
• डॉ. शारदा जैन, दिल्ली स्त्री रोग फोरम सहित अन्य।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और चिकित्सा विशेषज्ञों के साझा प्रयास से दिल्ली को जल्द ही विश्व का चिकित्सा हब बनाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सभी डॉक्टरों और मेहमानों को धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
गौरतलब है कि हर वर्ष 1 जुलाई को डॉक्टर्स डे, भारत के महान चिकित्सक और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बी. सी. रॉय की जयंती पर मनाया जाता है। यह दिन चिकित्सकों के समर्पण, सेवा भावना और योगदान को सम्मान देने के लिए समर्पित होता है।
